आरजेडी को बड़ा झटका, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने थामा भाजपा का दामन

नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव की बिसात बिछ चुकी है। गठबंधन और अवसरवादी राजनीति चरम पर है। सभी पार्टियां एक-दूसरे के गढ़ में सेंध लगाने में जुटी हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को बड़ा झटका दिया है। आरजेडी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नापूर्णा देवी भाजपा में शामिल हो गई हैं। इसके अलावा आरजेडी के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान ने भाजपा का दामन थाम लिया है।
अन्नपूर्णा देवी ने थामा भाजपा का दामन
अन्नपूर्णा देवी और जनार्दन पासवान ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेन्द्र यादव ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने से झारखंड में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी। भाजपा में शामिल होने के बाद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिद्धांतों से प्रभावित हैं। देश को पीएम मोदी की आवश्यकता को महसूस करते हुए मैंने भाजपा ज्वाॅइन किया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही झारखंड में भी रघुवर दास की सरकार विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे भी मैं प्रभावित हुई हूं।
अन्नपूर्णा देवी जी का भारतीय जनता पार्टी परिवार में हार्दिक स्वागत है। देश का जन-जन @narendramodi जी से बेइंतहा प्यार करता है, समाज के हर वर्ग की बस एक ही पुकार है-#EkBaarPhirModiSarkar pic.twitter.com/YMtBnJ7aBq— Chowkidar Raghubar Das (@dasraghubar) March 25, 2019
आरजेडी ने किया पार्टी से निष्कासित
गौरतलब है कि अन्नापूर्णा देवी ने रविवार को अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। वहीं, सोमवार सुबह आरजेडी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। सोमवार शाम को दिल्ली में अन्नपूर्णा देवी ने भाजपा ज्वाइन कर लिया है। अब देखना यह है कि भाजपा अन्नपूर्णा देवी को चुनाव लड़ाती है या फिर इस बार केवल वह पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार करेंगी।
Comments